नई दिल्ली : श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी-20 और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. इस साल नियमित कप्तान रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में भारतीय वनडे टीम की कप्तानी करने वाले शिखर धवन को इस दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है. इस सीरीज में नहीं चुने जाने के बाद उनके अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी फुल स्टॉप लगता हुआ दिखाई दे रहा है. धवन ने टीम के ऐलान के बाद अब पहली बार कोई रिएक्शन दिया है.
शिखर धवन अपनी बिंदास बैटिंग स्टाइल के लिए पहचाने जाते हैं, तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. पूरी ताकत से चौके-छक्के लगाते हैं, लेकिन बीते कुछ साल में धीमे पड़ चुके थे. शिखर धवन ने इंटरनेशनल डेब्यू साल 2010 में किया. रोहित शर्मा के साथ मिलकर टीम को कई बार जीत दिलाई. साल 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों की जोड़ी बनी थी, तब से दोनों ने मिलकर कई रिकॉर्ड तोड़े. इस पेयर को सचिन-सौरव या सचिन-सहवाग की जोड़ी से कम नहीं आंका जाता था.
शिखर धवन ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कही ये बात
शिखर धवन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक फोटो पोस्ट किया है. उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘बात जीत हार की नहीं होती. दिल की होती है. काम करो और बाकी भगवान पर छोड़ दो.’ ऐसा मान जा रहा था कि वनडे वर्ल्ड कप 2023 में धवन और रोहित की जोड़ी ही ओपनिंग करेगी, लेकिन इस दौरे में नहीं चुने जाने के बाद ऐसा लग रहा है कि अब धवन की वापसी मुश्किल है.
