पाटन, धमधा और अहिवारा सर्किल में राजस्व निरीक्षकों की कमी, जिला पंचायत अध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
दुर्ग- राजस्व निरीक्षकों की कमी एक गंभीर समस्या है, जिसका समाधान जल्द से जल्द किया जाना जरूरी है. राजस्व निरीक्षक की नियुक्ति से क्षेत्र वासियों को राहत मिलेगी. दुर्ग जिले के अहिवारा के मुरमुन्दा और धमधा तहसील के दारगांव क्षेत्र में और पाटन तहसील के जामगांव (एम) में राजस्व निरीक्षकों की कमी है.
धमधा तहसील के धमधा में मनीष डहरे राजस्व निरीक्षक है जिसे दारगांव में अतिरिक्त प्रभार दिया गया इसी तरह अहिवारा में खुबचंद वर्मा पदस्थ है जिसे मुरमुंदा का अतरिक्त प्रभार दिया गया है. वही पाटन तहसील के अमलेश्वर में संतोष राय पदस्थ जिसे जामगांव (एम) में अतिरक्त प्रभार दिया हुआ है. एक ही राजस्व निरीक्षकों को दो-दो जगहों पर प्रभार देने से विभिन्न कार्य प्रभावित हो रहे है. वर्तमान में राज्य सरकार पूरे प्रदेशभर में राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु राजस्व पखवाड़ा मनाया जा रहा है. ऐसे में समय पर राजस्व निरीक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से गंभीर समस्यों का सामना करना पड़ सकता है. इस समस्या का समाधान परिवर्तित भूमि शाखा एवं नजूल शाखा में पदस्थ राजस्वों निरीक्षकों की रिक्त तहसीलों पर पदस्थापना होने से क्षेत्र वासियों को राहत मिलेगी.
जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुरमुन्दा में राजस्व निरीक्षक की नियुक्ति के लिए कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे ने अहिवारा तहसील के मुरमुन्दा क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक की नियुक्ति करने कलेक्टर अभिजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा है. जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे ने ज्ञापन में कहा है कि दुर्ग जिले के अहिवारा तहसील के मुरमुन्दा क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक की पिछले 7-8 महिने से नियुक्ति नहीं होने के कारण शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन, सीमांकन कार्य, तहसील से संबंधित विभिन्न कार्य प्रभावित हो रहे हैं व क्षेत्र के कृषकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. तत्काल राजस्व निरीक्षक (आर आई) की नियुक्ति की मांग की है.
