बलौदाबाजार हिंसा: 2500 पेज का पुलिस ने पेश किया चालान, अब तक 356 में 183 आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार- बलौदाबाजार हिंसा आगजनी मामले में पुलिस ने कोर्ट में चालान पेश किया, जिसमें जिला संयुक्त कार्यालय में हुई आगजनी की घटना से संबंधित दस्तावेज हैं. पुलिस सिटी कोतवाली थाना में दर्ज 13 एफआईआर में 10 चालान पहले ही पेश कर चुकी है. वहीं संयुक्त जिला कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय को जलाए जाने के दो मामलों में 61 आरोपी बनाए गए थे, जिसका चालान पेश किया गया. आगजनी के मुख्य मामले में पुलिस 1325 पेज और 1200 पेज का चालान पेश किया है.
बता दें कि इस आगजनी हिंसा में शासन को 13 करोड़ की क्षति हुई थी. वहीं पुलिस अब तक 183 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पूरे अपराधों में शामिल अभियुक्तों की बात करें तो 356 आरोपी हैं. अभी भी इस घटना की जांच जारी है और तकनीकी टीम का सहारा लेकर आरोपियों की तलाश की जा रही है. इस घटना की जांच करने दस्तावेज बनाने में ही लगभग 70 विवेचकों ने दिन रात मेहनत की है, जिसका परिणाम है कि इतनी बड़ी घटना का हम साक्ष्य संकलन के साथ दस्तावेज बनाने में कामयाब हुए हैं. कम समय में लगातार चालान न्यायालय में प्रस्तुत कर रहे हैं. अभी भी जांच प्रक्रिया प्रारंभ है.
