प्याज के लिए पिता ने पुत्र पर टांगी से हमला कर उतारा मौत के घाट
जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करादरी में एक बुजुर्ग शख्स ने प्याज मांगने को लेकर बेटे पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया. इस हादसे के बाद मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी ससुर अजय बेक के खिलाफ अपराध कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक का नाम विनोद बेक है. उनकी पत्नी विनीता कुजूर ने पुलिस को अपने बयान में बताया कि घटना शनिवार की शाम करीब 6.30 बजे की है. उस दौरान वह अपने घर में खाना पका रही थी. घर में प्याज नहीं होने की वजह से उनके पति विनोद पड़ोस में रह रहे माता-पिता के घर से प्याज लेकर आने की बात कहकर घर से निकले थे.

विनीता ने बताया कि कुछ देर बाद उसके ससुर अजय बेक की डांटने की आवाज आई. यह सुनकर विनीता बाहर आई. उसने देखा कि उसके ससुर अजय बेक उसके पति विनोद को डांट रहे थे और उन्होंने हाथ में टांगी पकड़े हुए थे. अजय ने अपने बेटे विनोद पर टांगी से गर्दन एवं सिर बांह मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया, इस मामले पर जिला पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी ने विनोद बेक की हत्या होने की आस्ता थाना पुलिस को सूचना दी थी. इस सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी अजय बेक को गिरफ्तार कर लिया है.
