पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही महिलाएं- आर के बिसारे
भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल विभाग में 09 मार्च 2024 को मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल) आर के बिसारे के मुख्य आतिथ्य में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के तहत आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिता, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संगोष्ठी सम्पन्न हुआ. विभिन्न प्रतियोगिताओं भाषण, स्लोगन एवं स्वास्थ्य तथा सुरक्षा से सम्बन्धित क्विज के विजेता महिला प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया.
मुख्य अतिथि आर के बिसारे ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हर क्षेत्र में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य महिलाएं कर रही हैं. कभी जिन क्षेत्रों में केवल पुरूषों का वर्चस्व हुआ करता था, आज 21वीं सदी की महिलाएं उन सभी क्षेत्रों में अपना लोहा मनवा रहीं हैं. चाहे वह भारतीय सेना के क्षेत्र में हो, चाहे वह अंतरिक्ष के क्षेत्र में हो, चाहे वह भिलाई इस्पात संयंत्र के क्षेत्र में ही क्यों न हो. महिलाएं अपने घर-परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी उठाते हुए संयंत्र के कार्यो की जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कर रही हैं.

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित महाप्रबंधक (प्लेट मिल) भास्कर राय ने महिला कर्मचारियों एवं महिला ठेका श्रमिकों के प्लेट मिल विभाग में योगदान को रोचक अंदाज में व्यक्त किया. साथ ही विभागीय सुरक्षा अधिकारी एवं महाप्रबंधक (प्लेट मिल) डी सारंगी ने संयंत्र के भीतर ‘सुरक्षा घर से घर तक’ के महत्व पर प्रकाश डाला. सहायक प्रबंधक (कार्मिक-मिल्स जोन-3) विजय कुमार ने छत्तीसगढ़ से संबंधित दस महिला शक्तियों के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान को रेखांकित किया.
इस अवसर पर नेम बाई, गायत्री, भूमिका सहित अन्य महिलाओं ने गीत, भाषण एवं भजन प्रस्तुत किया. साथ ही जल प्रबंधन विभाग की महिला कर्मचारियों नीलम साहू, शबनम होरो, वैशाली, ज्योति रामटेके, प्रीति पटेल ने भी अपने विचार साझा किये.
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (प्लेट मिल) हिमानी ठाकुर ने किया. वरिष्ठ स्टाफ सहायक नीता सरवरे ने धन्यवाद ज्ञापित किया. कार्यक्रम में अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी सुखचंद, रूहेल सिंह, एस एन मेहर सहित अन्य कर्मचारीगण तथा महिला ठेका श्रमिक उपस्थित थे.
