वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने नि:शुल्क रेत देने की घोषणा
रायपुर- छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही जारी है. सदन में आज अवैध रेत उत्खनन पर चर्चा हुई. सवाल जवाब के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने एक और बड़ा ऐलान किया है. मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नि:शुल्क रेत देने की घोषणा की है. सरकार ने राज्य में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास को अनुमति दी है. हितग्राहियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के सवाल पर उन्होंने कहा कि गांव वालों को खुद के उपयोग के लिए प्रधानमंत्री आवास बनाने छोटे ट्रेक्टर से रेत निःशुल्क दिया जाएगा. बता दें कि कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश ने सदन में अवैध रेत खनन का मामला सदन में उठाया.
कहा कि अवैध रेत खदान की शिकायत आई है. क्या रेत खदानों में मशीनों से लोडिंग की अनुमति है? मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि किसी को मशीन से लोडिंग की अनुमानित नहीं है. बिना अनुमति के अगर कहीं खनन चल रहा है तो इस पर कठोर कार्यवाही की जाएगी. भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि आप अभी हेलीकॉप्टर से अभी चलिए, अगर 200 से ज़्यादा पोकलेन उत्खनन करती नहीं मिली तो मैं अपनी विधायिका से इस्तीफ़ा दे दूंगा.
