हजारों लोगों ने साझा किए मुख्यमंत्री का वीडियो संदेश
रायपुर- श्री राम जन्मभूमि अयोध्या धाम में 22 जनवरी को होने जा रहे श्री रामलला प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर श्री राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में गजब का उत्साह देखने काे मिल रहा है. मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर #राम_दरस_बर_जाबो नंबर वन ट्रेंड करता रहा. छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं को अभिव्यक्त करते इस हैश टैग के साथ सोशल मीडिया यूजर्स अपने विचार साझा करते रहे, जिसमें छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई श्री “श्री रामलला दर्शन योजना” की भी खूब चर्चा रही. साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का वीडियो संदेश भी साझा किए जाते रहे, जो उन्होंने श्री रामलला प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के निमित्त प्रदेशवासियों के नाम जारी किए हैं. परिणाम स्वरूप दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक x पर #राम_दरस_बर_जाबो जमकर ट्रेंड करता रहा.
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ सरकार ने “मोदी की गारंटी” के तहत छत्तीसगढ़वासियों को श्री रामलला के दर्शन कराने के लिए “श्री रामलला दर्शन योजना” की शुरूआत की है. इसे लेकर प्रदेशवासी खासे उत्साहित हैं. विशेषकर बड़े-बुजुर्गों का प्रभु राम दर्श का सपना साकार होने जा रहा है. योजना के प्रथम चरण में सरकार ने 55 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को दर्शन कराने का निर्णय लिया है. इसके बाद क्रमश: सभी को श्रीरामलला के दर्शन कराए जाएंगे.
उन्होंने प्रदेशवासियों का अभिवादन और जय श्री राम का उद्घोष करते हुए कहा है कि “आप सबको पता है कि श्री राम जन्मभूमि अयोध्या धाम में श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होने जा रही है. हमारा सौभाग्य है कि हम इस दिव्य और ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने जा रहे हैं. संपूर्ण देश में उत्साह है, उमंग है.
मुख्यमंत्री ने वीडियो में आगे कहा है कि प्रभु श्री राम जन-जन के हृदय में बसते हैं. छत्तीसगढ़ वही कोसल है, जिसकी बेटी, माता कौशल्या ने भगवान राम को जन्म दिया . श्री राम ने दण्डकारय को अपनी चरण रज से पवित्र किया. माँ शबरी के बेरों की मिठास अभी तक छत्तीसगढ़ में घुली हुई है. हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में रामराज्य की संकल्पना साकार होती जा रही है. प्रभु राम के आदर्शों पर चलकर सेवा और सुशासन के माध्यम से हम भी छत्तीसगढ़ को एक आदर्श और सुशासित राज्य के रूप में स्थापित करने हेतु संकल्पित हैं.
मुख्यमंत्रा साय ने कहा है कि बहुत लम्बी प्रतिक्षा के बाद अब जब श्री रामलला अयोध्या धाम में विराजमान होने जा रहे हैं. और जैसा कि माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी ने अपील की है कि हम श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर अपने घर, गांव, नगर को ही अयोध्या स्वरूप बना लें. अपने आसपास आस्था स्थलों मंदिरों की साफ-सफाई कर लें और दीप प्रज्ज्वलित कर प्रभु राम के आगमन का उत्सव मनाएं. प्रभु राम का पावन स्मरण करें. श्री राम का पावन स्मरण करते हुए आप सभी को पुनः इस बहुप्रतीक्षित अवसर का साक्षी बनने के लिये बधाई.
