भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत नाबालिक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
खुर्सीपार पुलिस ने बताया कि 17 वर्षीय पलक गौतम ने अपने मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. इस दौरान घर के सभी लोग अपने-अपने काम में गए हुए थे. घर पर युवती की भाभी थी, जब भाभी कुछ काम से बाहर गई तो युवती ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा लिया. दरवाजा तोड़कर उसे शास्त्री अस्पताल सुपेला में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार पलक फांसी लगाने से पहले मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी उसके बाद उसने मोबाइल बंद कर दिया और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा ली. घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस ने मोबाइल फोन जप्त कर लिया है. टीआई उमेंद्र टंडन ने बताया कि किशोरी ने फांसी क्यों लगाई है, इसकी जांच की जा रही है.
