प्रदर्शनी में मौजूद जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक सुरेंद्र ठाकुर से ली विस्तार में प्रदर्शनी की जानकारी
रायपुर : ग्रीस से निक दंपत्ति भारत पर्यटन के लिए आया है. छत्तीसगढ़ में बस्तर की खूबसूरती सुनकर ये दंपत्ति रायपुर भी आया. आज उन्हें अटल जी तथा छत्तीसगढ़ पर केंद्रित प्रदर्शनी की जानकारी मिली तो वे नालंदा परिसर पहुँचे. यहां उन्होंने जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक सुरेंद्र ठाकुर से विस्तार से प्रदर्शनी की जानकारी ली. सुरेंद्र ठाकुर से उन्होंने अटल जी के बारे में विस्तार से जानकारी ली.
सुरेंद्र ठाकुर ने उन्हें बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य पहले मध्यप्रदेश का हिस्सा था. अटल जी को लगा कि मध्यप्रदेश काफी बड़ा राज्य है और इसे छोटा होना चाहिए ताकि छत्तीसगढ़ का विकास अच्छे से हो. सुरेंद्र ठाकुर ने उन्हें बताया कि छत्तीसगढ़ ग्रीस से भी भौगोलिक क्षेत्र में ज्यादा है और ऐसे में इस राज्य के गठन से यहां के रहवासियों का बेहतर विकास हो पा रहा है. उन्होंने निक दंपत्ति को बताया कि आप लोगों के लिए क्रिसमस बहुत शुभ दिन होता है. चूंकि छत्तीसगढ़ के निर्माता अटल जी का जन्मदिन भी 25 दिसंबर को होता है इसलिए ये दिन हमारे लिए खास हो जाता है.
उन्होंने पारदर्शी शासन पर जोर दिया इसलिए उनका जन्मदिन सुशासन दिवस के रूप में मनाते हैं. नई पीढ़ी को उनके बारे में ज्यादा जानकारी हो, इसलिए जनसंपर्क विभाग ने यह प्रदर्शनी लगाई है. उन्होंने निक दंपत्ति को विस्तार से छत्तीसगढ़ के परिवेश के बारे में जानकारी भी दी. निक दंपत्ति ने सुरेंद्र ठाकुर को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें अनायास ही इस प्रदर्शनी की जानकारी हुई और यह छत्तीसगढ़ तथा भारत की राजनीति को जानने के लिए काफी बढ़िया काम हो गया.
