केन्द्र शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी अधिकारी फील्ड में करें कार्य-कलेक्टर
राजनांदगांव- कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा केन्द्र सरकार का महत्वपूर्ण अभियान है. उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत केन्द्र शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मोबाइल वैन के माध्यम से जागरूकता लायी जाएगी. साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनओं से जनसामान्य को लाभान्वित करने के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हंै. उन्होंने कहा कि इस अभियान के रूट चार्ट की जानकारी सभी जनप्रतिनिधियों को होनी चाहिए. सभी अधिकारी जमीनी स्तर पर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए फील्ड में कार्य करें.
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री प्रणाम योजना अंतर्गत जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को खेतों में ड्रोन से नैनो यूरिया के छिड़काव का प्रदर्शन करने के लिए कहा. उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृत्व योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की.
कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि अवैध अतिक्रमण एवं चखना दुकान हटाने का कार्य प्राथमिकता से करना है. ऐसे अवैध अतिक्रमण जिसके कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है या दुर्घटना जोन बन रहे हैं. उस पर विशेष तौर पर ध्यान देते हुए हटाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि एसडीएम, पुलिस विभाग एवं नगरीय निकाय की टीम मिलकर संयुक्त कार्रवाई करेंगे. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा की गई पहल अंतर्गत ऑनलाईन कोचिंग में 10वीं एवं 12वीं के कक्षाओं में सभी अधिकारी बच्चों को पढ़ाएंगे तथा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करेंगे. सुपोषण अभियान अंतर्गत गंभीर कुपोषित बच्चों को सुपोषण की श्रेणी में लाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने सखी वन स्टाप सेंटर, संपर्क टीवी डिवाईस, निक्षय मित्र, महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली. उन्होंने सभी विकासखंडों में कांजी हाऊस निर्माण करने के लिए कहा. कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन अभियंता को मछली घर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए. पशुपालन विभाग के आपरेशन थियेटर एव डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने कहा. उन्होंने कहा कि खुले हुए बोर एवं खुले हुए कुएं प्राथमिकता से बंद कराना है. इसके लिए अभियान चलाकर आंगनबाड़ी केन्द्र, स्कूल, छात्रावास, हास्पिटल एवं अन्य स्थानों में निरीक्षण कर ऐसे असुरक्षित स्थानों को बंद करने के निर्देश दिए.
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि 67वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 4 जनवरी से 7 जनवरी 2024 तक आयोजित की जाएगी. इस अवसर पर अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, एसडीएम अरूण वर्मा, संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे. इस दौरान सभी एसडीएम जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे.
