सर्चिंग पर निकले जवानों पर नक्सलियों ने किया हमला, एक जवान शहीद, CM साय ने किया नमन
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक बार फिर नक्सलियों ने सुरक्षाबल के जवानों पर हमला बोल दिया. मुठभेड़ में सीआरपीएफ का एक अधिकारी शहीद हो गया है. वहीं, एक जवान गंभीर रुप से घायल है. गंभीर रूप से घायल जवानों को कैंप में लाया गया है. घायल जवान को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया जा रहा है. वहीं जवानों ने 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है.
जानकारी के मुताबिक, बेदरे से सीआरपीएफ 165 बटालियन के जवान उरसांगल की तरफ सर्चिंग पर सुबह 7 बजे निकले थे. जब जवान सर्चिंग करते हुए साप्ताहिक बाजार की ओर जा रहे थे तभी जगरगुंडा थाना क्षेत्र में जवानों पर नक्सलियों ने हमला कर दिया. इस हमले में सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सुधाकर रेड्डी मौके पर शहीद हो गए, जबकि कांस्टेबल रामू को गोली है. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद सीआरपीएफ, कोबरा, जिला बल के जवान आसपास के इलाके में सर्चिंग कर रहे हैं. वहीं मौके से 4 संदिग्धों को जवानों ने हिरासत में लिया है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहीद सुधाकर रेड्डी की शहादत को किया नमन
परिवार जनों के प्रति व्यक्त की संवेदना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा जिले के जगरगुंडा में सीआरपीएफ के 165वीं बटालियन की माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए सब इंस्पेक्टर सुधाकर रेड्डी की शहादत को नमन किया है. उन्होंने घटना पर गहन शोक व्यक्त किया है.
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार जनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने घटना में घायल जवान रामू के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं. रामू को उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया गया है.
https://x.com/vishnudsai/status/1736261730949628255?s=20
