जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के नैला नगर निवासी युवा कारोबारी विवेक अग्रवाल टीवी के लोकप्रिय गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 15वें सीजन में शामिल हुए. विवेक अग्रवाल ने मंगलवार को महानायक अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर बैठ कर उनके सवालों का जवाब दिया. विवेक केबीसी के लिए 17 सालों से प्रयास कर रहे थे. विवेक अग्रवाल ने पहले एपिसोड में 8 सवालों का सही जवाब देकर 80 हजार की राशि जीत ली है. आज यानी बुधवार को दूसरे एपिसोड का प्रसारण होगा.
नैला के रहने वाले विवेक अग्रवाल बर्तन व्यवसायी हैं. जांजगीर-चांपा से केबीसी में शामिल होने वाले वे पहले व्यक्ति हैं. विवेक अग्रवाल का एपिसोड मंगलवार को दूसरे प्रतिभागी के रूप में शुरू हुआ. विवेक की प्रतिभा को लोगों तक पहुंचाने के उनके साथियों ने प्रोजेक्टर लगाया और गणेश पंडाल में दर्शकों के बैठने के खास इंतजाम किया. इसे देखने के लिए विवेक के परिजनों के साथ दोस्त और काफी संख्या में नगर के लोग पहुंचे. विवेक के नाम की घोषणा के साथ ही पंडाल गणपति बप्पा मोरिया के जयकारा के साथ गूंज उठा और सभी लोगो ने केबीसी को देखा और अपने साथी को हॉट सीट पर बैठा देखकर आतिशबाजी भी की.
बुधवार को भी उनके दूसरे एपिसोड का प्रसारण गणेश पंडाल में प्रोजेक्टर लगाकर लोगों को दिखाया जाएगा. विवेक अग्रवाल ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि केबीसी में जाने के लिए 17 साल लग गए. वह लगातार प्रतियोगिता में जाने का प्रयास करते रहे और आखिरकार उन्हें मंजिल मिल गई और उन्हें केबीसी जाने का मौका मिला.
