सुकमा : चुनावी साल में जहां एक ओर भाजपा सत्ता में वापसी के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगा रही है तो दूसरी ओर भाजपा को एक के बाद एक कई बड़े झटके लग रहे हैं. इसी कड़ी में खबर आ रही है कि सुकमा में भाजपा को जोर का झटका लगा है. बताया जा रहा हे कि 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है. मिली जानकारी के अनुसार सुकमा जिले के तोंगपाल के हमिरगढ़ सहित आस-पास के कई गांवों के 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है.
इन सभी कार्यकर्ताओं को मंत्री कवासी लखमा ने कांग्रेस की सदस्यता दिलाई है. बताया जा रहा है कि सभी कार्यकर्ता कांग्रेस सरकार की जनहितैसी योजनाओं से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं. गौरतलब है कि चुनावी साल में दलबदल का सिलसिला लगातार जारी है. हाल ही में सतानामी समाज के धर्मगुरु बालदास और उनके बेटे सुखवंत ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा का दामन थाम लिया था. वहीं, IAS नीलकंठ टेकाम ने भी नौकरी से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ले ली है. उनके साथ करीब 2000 से अधिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली है.
