रायपुर : छत्तीसगढ़ में बारिश पर ब्रेक लग गया है. अब प्रदेश में तापमान बढ़ने की आशंका है. राज्य के कई इलाकों में बारिश न के बराबर हो रही है. ऐसे में तापमान बढ़ रहा है. कई इलाकों में हल्की मध्यम बारिश हो रही है, तो कई इलाकों में लोग उमस और गर्मी से परेशान हैं. शनिवार को राजधानी रायपुर में तेज धूप से राजधानीवासियों की हालत खराब थी.
छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान अगले चार दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है. इसके साथ ही राजधानी रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. यहां की अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस हो सकता है. राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है.
इन जगहों पर दर्ज की गई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आज भी हल्की मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं बीते दिनों प्रदेश के कुछ जगहों पर हल्की मध्यम बारिश हुई. गीदम, ओरछा, बकावडं, खरसिया में 3 सेंटीमीटर, तमनार और बस्तर में 2 सेंटीमीटर, रायगढ़, बस्तानार, कोटा लोहंडीगुड़ा, जगदलपुर और भैरमगढ़ में 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है. इसके साथ ही कुछ जगहों पर इससे कम बारिश हुई है.
