बिलासपुर : बिलासपुर जिले के चकरभाटा थाना क्षेत्र के लिमतरी में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर पलटने से गर्भवती महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 35 से अधिक मजदूर घायल हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर है. घायलों को सिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है.
मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर में 50 से अधिक मजदूर सवार थे. धान रोपाई के लिए मजदूरों को ट्रैक्टर में भरकर सरवानी गांव से हरदी गांव लाते वक्त ट्रैक्टर अचानक पलट गई. ट्रैक्टर में मजदूरों की संख्या अधिक थी, बारिश के चलते सड़क किनारे गड्ढे और कीचड़ में वाहन का बैलेंस बिगड़ गया और पलट गया. इसके बाद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई, हादसे में 35 से 40 मजदूर घायल हो गए. उन्हें प्राथमिक और बिल्हा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, वहीं, करीब दर्जन भर मजदूरों को सिम्स में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि, ट्रैक्टर में पुरुष और महिला मजदूर सवार थे, हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. सरवानी की रहने वाली 22 वर्षीय लक्ष्मी बाई केंवट पति राजेंद्र केंवट को गंभीर हालत में सिम्स लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि लक्ष्मी बाई गर्भवती भी थी. इस हादसे की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी, खबर मिलने के बाद भी पुलिस काफी देर के बाद घटनास्थल पहुंची. पुलिस के नहीं पहुंचने से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया. इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस भीड़ को समझाइश देने की कोशिश करती रही. वहीं, इस हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जिसके बाद भड़के लोगों ने चक्काजाम कर दिया. नाराज लोग मृतक और घायलों के परिवार वालों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं.
