रायपुर : कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज आखिरी दिन है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन से अधिवेशन का समापन होगा. आज खड़गे के साथ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल पर सभा में मौजूद रहेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे.
इसके बाद दोपहर 3 बजे रायपुर के जोरा मेला मैदान में आमसभा होगी. अधिवेशन के समापन पर दोपहर 3 बजे जनरैली निकाली जाएगी. जोरा गांव में एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी. इसमें लाखों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल होंगे.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में आज तीन प्रस्ताव पास किए जाएंगे. इसमें कांग्रेस कृषि और किसान, सामाजिक न्याय और युवाओं को लेकर प्रस्ताव पेश करेगी. इसको लेकर प्रतिनिधियों के बीच लगभग तीन घंटे तक चर्चा होगी. अधिवेशन के दूसरे दिन भी कांग्रेस ने तीन प्रस्ताव पास किए थे, इनमें राजनीति, आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय मामले के प्रस्ताव शामिल थे.
