मशहूर गांधीवादी चिंतक कनक तिवारी नहीं रहे
दुर्ग- छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, प्रख्यात गांधीवादी चिंतक और वरिष्ठ लेखक कनक तिवारी का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. आज गुरुवार (26 नंवबर) को उन्होंने अंतिम सांस ली. वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे. उनके अचानक यूं जाने से न्यायिक, साहित्य और सियासी जगत में शोक की लहर है. तमाम नेता शोक व्यक्त कर रहे हैं.
शनिवार को किया जायेगा अंतिम संस्कार
वे छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता, पूर्व महाधिवक्ता, संविधान विशेषज्ञ, विचारक और लेखक थे. इसके अलावा वो अविभाजित मध्यप्रदेश में गृह निर्माण मंडल के चेयरमैन भी रहे हैं. कनक तिवारी काफी समय से बीमार चल रहे थे. बुधवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई तो उन्हें तुरंत भिलाई (दुर्ग) स्थित बीएम शाह अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. उनकी बेटी के देश वापस आने के बाद उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जायेगा. वे अपने पीछे अपनी पत्नि पुष्पा तिवारी, बेटा तेजस तिवारी पुत्री जूही तिवारी छोड़ गए हैं.
उनके निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक ट्वीट के माध्यम से दिवंगत आत्मा को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, संविधान विशेषज्ञ एवं प्रख्यात लेखक कनक तिवारी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने जताया शोक
उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि कनक तिवारी का निधन बेहद दुखद है. संविधान के एक विशेषज्ञ ने अपने विदा होने के लिए संविधान दिवस का पवित्र दिन चुना. वे एक काबिल वकील, अद्भुत ओजस्वी वक्ता और गंभीर चिंतक थे. एक स्तंभकार के रूप में भी वे आजीवन अख़बारों में लिखते रहे. वे अविभाजित मध्यप्रदेश में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रहे और म.प्र गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भी रहे.
गांधी विचारधारा में उनकी अटूट आस्था थी. मुझे याद आता है कि अविभाजित मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उन्हें गांधी जी की 125वीं जयंती का संयोजक बनाया था और कनक जी ने पूरे प्रदेश में अविस्मरणीय आयोजन किए. मेरा उनसे परिचय कांग्रेस पार्टी में आने से पहले से ही पारिवारिक था. वे मेरे ससुर स्व. नरेंद्र देव वर्मा जी के सहपाठी और मित्र रहे. कनक जी उन चुनिंदा लोगों में रहे, जो मुझसे नाराज़ होकर सार्वजनिक रूप से मुझे अधिकारपूर्वक डांट सकते थे. आप याद आएंगे काका जी.
छत्तीसगढ़ आजतक परिवार उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हैं…
