शिक्षा एवं ज्ञान के प्रसार की शौर्य संगठन की नई पहल, मोहलाई में फ्री लाइब्रेरी कम रीडिंग जोन 2.0 शुरू
दुर्ग- शिक्षा के प्रसार एवं ग्रामीण बच्चों को बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में शौर्य युवा संगठन, आदर्श ग्राम कोड़िया (दुर्ग) द्वारा क्वांर नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम मोहलाई में संचालित निःशुल्क शिक्षित बनो पुस्तकालय का विस्तार करते हुए ‘फ्री लाइब्रेरी कम रीडिंग जोन 2.0’ के नवीन भवन का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं ग्रामीण गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति रही.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता शौर्य युवा संगठन कोड़िया के अध्यक्ष फलेंद्र पटेल ने की. विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं उन्नत कृषक कृष्णा देवांगन, सेवानिवृत्त शिक्षक बोहरिक साहू, व्यवसायी गगन गुप्ता, कृषि अधिकारी राजनांदगांव मुन्ना बहादुर साहू, राजनांदगांव सीएसपीडीसीएल अधिकारी खेंलेंद्र साहू, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कर्मचारी दीनानाथ निषाद एवं मनहरण निषाद, खनिज विभाग दुर्ग की रेखा सोनी, कूडो ट्रेनर लीलिमा सोनी, मून ब्यूटी पार्लर एवं गोदना हस्तशिल्प मास्टर ट्रेनर गायत्री निषाद, यूपीएस सोलर सॉल्यूशन बोरसी के यादवेंद्र साहू, दीपक सीएससी एवं ऑनलाइन सर्विस संचालक पंकज दीपक तथा सियाराम साहू एवं बबली साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया. इसके पश्चात अतिथियों ने फ्री लाइब्रेरी कम रीडिंग जोन 2.0 के नवीन भवन का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया.
इस अवसर पर शौर्य युवा संगठन कोड़िया की मोहलाई शाखा प्रभारी एवं ज्ञानोदय शिक्षा एवं समाज कल्याण संगठन मोहलाई की अध्यक्ष चंचल साहू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मोहलाई शाखा द्वारा पिछले पांच वर्षों में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी. वहीं, शौर्य युवा संगठन के अध्यक्ष फलेंद्र पटेल ने संगठन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सामाजिक कार्यक्रमों के बारे में बताया. उन्होंने रीडिंग जोन में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना है. उन्होंने बताया कि कोड़िया में सन 2006 से व मोहलाई में पिछले पांच सालों से लगातार निःशुल्क पुस्तकालय का संचालन किया जा रहा था जिसकी सुविधाओं में विस्तार करते हुए पहले कोड़िया में 6 सितम्बर को सुविधायुक्त रीडिंग जोन का शुभारंभ किया व वही सुविधाएं मोहलाई क्षेत्र के ग्रामीण व जरूरतमंद युवाओं को मिलेगी. इस रीडिंग जोन में पुस्तकालय, वाचनालय, वाईफाई, सीसीटीवी कैमरा की निगरानी सहित निःशुल्क कैरियर गाइडेंस प्रदान की जावेगी.
दुर्ग जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी ने ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए फ्री लाइब्रेरी कम रीडिंग जोन जैसी पहल अत्यंत सराहनीय है. इससे गांव के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने, नियमित अध्ययन करने तथा अपने भविष्य के लिए बेहतर लक्ष्य निर्धारित करने का अवसर मिलेगा. शौर्य युवा संगठन एवं ज्ञानोदय शिक्षा एवं समाज कल्याण संगठन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा यह प्रयास ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है. ऐसे सामाजिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है.
उन्नत कृषक व समाजसेवी कृष्णा देवांगन ने पहल की सराहना व्यक्त करते हुए कहा जिस प्रकार एक अच्छी फसल के लिए उपजाऊ भूमि, उचित देखभाल और समय पर मेहनत आवश्यक है, उसी प्रकार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अच्छी शिक्षा और उचित मार्गदर्शन जरूरी है. गांव में लाइब्रेरी एवं रीडिंग जोन की सुविधा उपलब्ध होना विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा.
व्यवसायी व समाजसेवी गगन गुप्ता ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सुविधायुक्त पुस्तकालय व रीडिंग जोन जैसी निःशुल्क सुविधाएं सामान्य बात नहीं है. शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है. ग्रामीण बच्चों को निःशुल्क अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराना और उनके लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना सराहनीय कार्य है.
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया.
कार्यक्रम का संचालन शौर्य युवा संगठन कोड़िया के सचिव आदित्य भारद्वाज ने किया. आयोजन को सफल बनाने में चांदनी, हेमा, भानेश्वरी, जितेश्वरी, जानवी, काव्या, रेणुका, डिम्पल, कुंदन, आकाश, हिमांशी, तृप्ति, कणिका, कुमकुम, भूमिका, रचना, लक्की, ज्योति, चंचल, ललित, मिष्ठी, खुशी, विभा, साक्षी, पलक, गोमेन्द्र, योगेंद्र, चिंकी, वेदिका, लक्ष्मी एवं थानेश सहित शौर्य युवा संगठन कोड़िया एवं ज्ञानोदय शिक्षा एवं समाज कल्याण संगठन मोहलाई के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा.
