तीसरे फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
रायगढ़- केलो डेम के पास घूमने गए युवक-युवती से मारपीट कर मोबाइल और नगदी लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है. आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है. पुलिस फरार आरोपी की पतासाजी में जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार, घटना के संबंध में प्रार्थी सानू सारथी पिता सोहन सारथी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ ने दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी एक महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था. शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों वापस लौटने के लिए निकल रहे थे, तभी 3-4 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और युवती को लेकर वहां घूमने पर सवाल करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट करने लगे. इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की जेब में रखे 1,500 रुपये, आईफोन 12 मिनी मोबाइल और उसकी महिला मित्र का मोटोरोला कंपनी का मोबाइल लूट लिया. वारदात के बाद आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी भी कहीं फेंककर फरार हो गए. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 597/2026, धारा 115(2), 309(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा सीएसपी राहुल उईके तथा कोतवाली पुलिस को शीघ्र आरोपियों की पतासाजी का निर्देश दिया गया. थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने एएसआई कोसो सिंह जगत एवं पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने प्रार्थी, पीड़ित और गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों के हुलिए की जानकारी जुटाई और संदिग्धों की पतासाजी शुरू की. त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सोहेल अंसारी पिता मोहम्मद खुर्शीद अंसारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़ तथा रणवीर कुमार पिता मिथलेस भगत, उम्र 22 वर्ष, निवासी चेहराकला, थाना महुवा, जिला वैशाली (बिहार), हाल मुकाम उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रार्थी से आरोपियों की पहचान संबंधी कार्रवाई कराई गई. आरोपियों ने मेमोरेंडम पर लूटे गए मोबाइल और नगदी रकम को फरार साथी के पास होना बताये हैं.
कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है तथा घटना के संबंध में आगे की विवेचना की जा रही है.
