फर्जी मैरिज ब्यूरो और ऑनलाइन विज्ञापनों का खेल: 5.65 लाख की ठगी, 5 सदस्यीय गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे
जांजगीर-चांपा- जिले की साइबर थाना पुलिस ने शादी का विज्ञापन देकर और रिश्तों का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में चार महिलाओं और एक पुरुष समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. खास बात यह है कि सभी आरोपी पड़ोसी जिले राजनांदगांव के रहने वाले हैं. गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, साइबर क्राइम पोर्टल पर एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़ित ने आरोप लगाया कि शादी कराने का झांसा देकर उससे 5 लाख 65 हजार 355 रुपये की ठगी की गई है. शिकायत मिलने के बाद जांजगीर साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान आरोपियों के राजनांदगांव जिले में रहने की जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर दबिश दी और 4 महिला और 1 पुरूष को गिरफ्तार कर किया. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान भूमिका रंगारी के रूप में हुई है. वह पहले एक मैरिज ब्यूरो में काम करती थी. वहां से काम छोड़ने के बाद उसने कथित तौर पर एक फर्जी संस्था शुरू कर दी. आरोप है कि महिला मोबाइल फोन के जरिए लोगों से संपर्क करती थी और शादी कराने का भरोसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाती थी. इसके बाद उनसे पैसे लेकर ठगी की जाती थी. फिलहाल, पुलिस ने महिला समेत गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लक्ष्मी साहू, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा तथा आरक्षक गिरीश कश्यप, पद्मराज सिंह एवं दिव्या सिंह का योगदान रहा.
जांजगीर पुलिस की विशेष अपील
ऑनलाइन शादी के विज्ञापनों और रिश्तों से जुड़े प्रस्तावों का सत्यापन करें. बिना जाँच किसी के खाते में पैसे ट्रांसफर न करें. साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत करें.
