तंत्र-मंत्र और शेयर बाजार के नाम पर करोड़ों की ठगी और खुदकुशी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव- शेयर ट्रेडिंग और तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने तथा पीड़ित को खुदकुशी के लिए मजबूर करने के मामले में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी योगेन्द्र कुमार साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार, मृतक कोमल साहू ने 17 अक्टूबर 2025 को मानसिक तनाव के कारण जहर का सेवन कर लिया था, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. मर्ग जांच के दौरान मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ तथा बैंक स्टेटमेंट व मोबाइल डेटा की गहन जांच की गई. विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी मो. अजीज खान ने मृतक को शेयर मार्केट में निवेश और ’तंत्र-मंत्र’ (चटिया मटिया) के माध्यम से पैसे दोगुना करने का लालच देकर लगभग 04 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी. रकम वापस न मिलने और कर्जदाताओं के दबाव के कारण मृतक अत्यधिक मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया. आरोपियों के खिलॉफ अपराध क्रमांक 130/2026 धारा 318(4), 108, 3(5) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया.
प्रकरण में विवेचना के दौरान थाना कोतवाली पुलिस द्वारा टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इंदौर से मुख्य आरोपी अजीज खान पिता के.के. सलगुनान उम्र 57 साल निवासी बी-42 रायल टाउन भटखेड़ी तहसील मउ थाना किशनगंज जिला इंदौर (म.प्र.) को हिरासत में लेकर पूछताछ पर मृतक से नकद और बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों की राशि प्राप्त करना स्वीकार करने पर 3 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है. विवेचनाक्रम में साक्ष्य संकलन के आधार पर योगेन्द्र साहू निवासी कातुलबोड़ भांठागांव का प्रकरण में संलिप्तता होना पाये जाने से दूसरा आरोपी योगेन्द्र कुमार साहू पिता डेरहा राम साहू उम्र 37 साल साकिन ग्राम कुतुलबोड़ भांठागांव वार्ड नं. 03 थाना लालबाग जिला राजनांदगांव (छ.ग.) को 9 सितंबर 2026 को मामलें में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया. प्रकरण में अन्य आरोपियों के विरूद्व साक्ष्य संकलन किया जा रहा है, प्रर्याप्त साक्ष्य प्राप्त कर विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी.
आम नागरिकों से पुलिस की अपील
राजनांदगांव पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर शेयर मार्केट में अनाधिकृत निवेश या पैसा दोगुना करने के प्रलोभन में न आएं.
गिरफ्तार आरोपी
योगेन्द्र कुमार साहू पिता डेरहा राम साहू उम्र 37 साल साकिन ग्राम कुतुलबोड़ भांठागांव वार्ड नं. 03 थाना लालबाग जिला राजनांदगांव (छ.ग.)
