कण्डेल में राजमिस्त्री पर चाकू से हमला, मौके पर ही दम तोड़ा, आरोपी गिरफ्तार
धमतरी- जिले के थाना अर्जुनी क्षेत्रंतर्गत ग्राम कण्डेल में 6 सितंबर 2026 की रात हुई युवक की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. मामूली विवाद और रंजिश के चलते हुई इस वारदात के आरोपी को अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है.
मृतक पारसमणी साहू (उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम कण्डेल), जो कि राजमिस्त्री का काम करता था, 6 सितंबर की रात लगभग 9 बजे गोठान के पास स्थित बरगद पेड़ के नीचे मौजूद था. इसी दौरान पूर्व विवाद को लेकर आरोपी यावेन्द्र कुमार ध्रुव (उम्र 18 वर्ष, निवासी कण्डेल) ने उस पर धारदार हथियार (चाकू) से जानलेवा हमला कर दिया. गले पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण पारसमणी की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रार्थी भारत राम साहू की रिपोर्ट पर थाना अर्जुनी में बीएनएस धारा 103(1) और बीएनएसएस धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, फॉरेंसिक टीम व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से सुराग जुटाए गए. यावेन्द्र कुमार ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर किया. आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू व अन्य सामान बरामद कर लिया गया है. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
