पण्डो जनजाति की भूमि और शासकीय जमीन के फर्जी अंतरण में पटवारी की भूमिका संदिग्ध पर अपराध दर्ज
रायगढ़- कलेक्टर रायगढ़ मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में कापू पुलिस ने जमीन संबंधी गंभीर धोखाधड़ी के दो मामलों में फरार मुख्य आरोपित तत्कालीन पटवारी राकेश साय को गिरफ्तार किया है. आरोपित पर पण्डो जनजाति की भूमि को फर्जी तरीके से गैर-आदिवासी के नाम विक्रय कराने तथा ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के फर्जी दस्तावेज और पट्टे तैयार कर दलालों के माध्यम से रजिस्ट्री कराने के गंभीर आरोप हैं.
अपराध दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था. “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान कापू पुलिस को आरोपी के ग्राम गनपतपुर में देखे जाने की सूचना मिली. सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी राकेश साय पिता शशिभूषण साय 45 साल निवासी निवासी सिविल लाईन धरमजयगढ, तत्कालीन पटवारी को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से लैपटॉप एवं प्रिंटर जब्त कर पुलिस द्वारा प्रकरण में उनकी भूमिका और दस्तावेजों की कूटरचना से संबंधित साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
