बलौदाबाजार से चुराई कार पंजाब के मोगा से बरामद, 3 आरोपी दबोचे गए
बलौदाबाजार- बलौदाबाजार पुलिस को कार चोरी के एक मामले में सफलता हाथ लगी है. साइबर सेल की हाई-टेक सर्विलांस और सिटी कोतवाली पुलिस की साहसिक संयुक्त कार्रवाई से पंजाब के मोगा जिले से 03 शातिर अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया गया है.
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने बलौदाबाजार स्थित एक दुकान के बाहर से सांकल और ताला तोड़कर लग्जरी वर्ना कार पार कर दी थी. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की. साइबर सेल ने जब तकनीकी साक्ष्य जुटाए तो गिरोह के तार पंजाब से जुड़े होने का सुराग मिला. इसके बाद कोतवाली पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर पंजाब रवाना की गई, जिसने मोगा क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों शातिर आरोपियों को धर दबोचा.
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लवन रोड स्थित एक कृषि यंत्र रिपेयरिंग की दुकान में काम करने के बहाने ठहरे हुए थे. इस दौरान वे कार मालिक की हर गतिविधि पर लगातार नजर रख रहे थे. मौका मिलते ही उन्होंने दुकान का ताला तोड़ा और कार लेकर फरार हो गए.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 6.50 लाख कीमत की वर्ना कार तथा वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड एवं 02 हथौड़े जब्त किए हैं. आरोपियों को पंजाब के मोगा न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बलौदाबाजार लाया गया है. पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का खंगाल रही है और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
गिरफ्तार आरोपी
गोविंदा (पिता रंजीत सिंह, उम्र 33 वर्ष), निवासी लंडेके, थाना मोगा सिटी, जिला मोगा (पंजाब)
रमन कुमार (पिता मंगलदास, उम्र 42 वर्ष), निवासी ग्राम जलालाबाद पूर्वी, थाना धर्मकोट, जिला मोगा (पंजाब)
सुखप्रीत सिंह (पिता दिलदार सिंह), निवासी लंडेके, थाना मोगा सिटी, जिला मोगा (पंजाब)

