भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार 3 युवकों को रौंदा, मौके पर ही मौत
बिलासपुर- जिले के तखतपुर में भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. जुनापारा चौकी क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. आरोपी चालक मौका पाकर ट्रक छोड़कर फरार हो गया. हादसा होते ही मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने तीनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर उनकी शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है. वहीं फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए जुनापारा चौकी पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV) की फुटेज खंगाल रही है.

