TMC कंपनी के झिलमिली साइड स्टोर से 50 लाख की चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
कोरिया- कोरिया पुलिस ने पटना थाना क्षेत्र के अंतर्गत झिलमिली (पांडोपारा) स्थित टीएमसी कंपनी के स्टोर में हुई करीब 50 लाख रुपये की बड़ी चोरी का त्वरित खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, टीएमसी पांडोपारा परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर श्यामल मैती ने 24 अगस्त 2026 को पटना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21-22 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने स्टोर की छत का टीन उखाड़कर कोयला उत्खनन मशीनों के तांबा, पीतल और कांसा धातु से बने महंगे पार्ट्स (कीमत लगभग 50 लाख) पार कर दिए हैं.
एसपी हरीश राठौर और एएसपी अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन में गठित पुलिस व साइबर सेल की विशेष टीम ने मुखबिर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की. पूछताछ में खुलासा हुआ कि 9-10 आरोपियों के गिरोह ने चोरी को अंजाम दिया था. वारदात के बाद माल को पहले बड़सरा के जंगल में छिपाया गया, फिर चर्चा निवासी कबाड़ी अब्दुल वासिब उर्फ गोलू को बेच दिया गया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कबाड़ी के कब्जे से तांबा, पीतल और कांसा के महंगे पार्ट्स (कीमत लगभग 40 लाख), 3 नग तलवारें (जो घटना के समय रखी गई थीं), टॉर्च, मोबाइल और 1,500 नगद बरामद किए हैं.
गिरफ्तार आरोपी
किशन कुमार (24 वर्ष), मंगलराम उर्फ गोलू (24 वर्ष),करन (24 वर्ष), अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियाँ (30 वर्ष – कबाड़ी) सभी निवासी, ग्राम घुटरी दफाई, थाना चर्चा एवं ग्राम पूटा, थाना पटना)
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों का पहले भी चोरी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. मामले के अन्य फरार सह-आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. एसपी हरीश राठौर ने आमजन से संदिग्ध गतिविधियों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.

