रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित लौट रहे
रायपुर – नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की लगातार जानकारी जुटा रही है. अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक प्रदेश से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति का पता चला है. इनमें 2 के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है, रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बिलासपुर और सुरगुजा से जुड़े 2 नागरिकों के लापता होने की सूचना है.
मोनिका के परिजनों से संपर्क, मंजू की भी जानकारी मिली
रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं. नेपाल में बाढ़ के बाद उनके लापता होने और संपर्क टूटने की सूचना सामने आई थी. प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है. उनकी स्थिति को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है.
बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं. उनके संबंध में भी अब परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है. प्रशासन उनके संबंध में उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन और आवश्यक समन्वय कर रहा है.
बिलासपुर की प्रियंका और सुरगुजा की डॉ. मीना अब भी लापता
बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है. वे फिनलैंड की नागरिक हैं. उनके परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास जारी हैं.
सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, भी नेपाल में लापता हैं. उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है. उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जा रहा है.
रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित
रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है. पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं.
हर सूचना पर सरकार की नजर
आपदा के बीच राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनके परिजनों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है. जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान किया जा रहा है. सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए हुए है.
राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें. सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.
हेल्पलाइन: टोल फ्री 1070 | कंट्रोल रूम 0771-2223471

