समय रहते उतरने से बाल-बाल बचीं महापौर
दुर्ग- जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार के सरकारी वाहन में अचानक आग लग गई. गनीमत रही कि महापौर समय रहते गाड़ी से नीचे उतर गईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और वे बाल-बाल बच गईं.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है. महापौर अलका बाघमारगाड़ी से उतरते ही वाहन धू-धूकर जलने लगा. आग की लपटें उठती देख मौके पर हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. गनीमत रही कि महापौर अलका बाघमार समय रहते गाड़ी से उतर गईं और इस हादसे में बाल-बाल बच गईं. फिलहाल, गाड़ी में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

