के.आर. शाह और अमरजीत भगत होंगे मुख्य अतिथि
सरगुजा- जिला के विकास खण्ड बतौली में 9 अगस्त 2026 (रविवार) को ‘विश्व आदिवासी एवं मूलनिवासी दिवस’ बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा. आदिवासी समाज द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सीतापुर रोड, पेट्रोल पंप के पास सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा. आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से “सीतापुर चलो” का आह्वान करते हुए सभी नागरिकों को सादर आमंत्रित किया है.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश अध्यक्ष के. आर. शाह होंगे, जबकि अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत करेंगे. इसके अलावा क्षेत्र के वर्तमान व पूर्व सांसद, विधायक, जिला एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य, सरपंच, पंचगण तथा उरांव, कंवर, गोंड, नागवंशी, नगेशिया, माझी, मझवार और कोरवा समाज के गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.
आयोजन में प्रमुखता से उठेंगी ये मांगें
जल, जंगल और जमीन पर पारंपरिक अधिकारों की रक्षा की जाए.
नक्सल मामलों एवं अन्य कारणों से जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों की निःशर्त रिहाई हो.
पेसा (PESA) कानून और वनाधिकार कानून का पारदर्शी क्रियान्वयन.
ग्राम कुचनपुर में संचालित कोरंडम खदान को तत्काल बंद किया जाए.
इन्द्रावती नदी में अवैध रेत खनन एवं अंतर्राज्यीय परिवहन पर तुरंत रोक लगे.
आदिवासी भाषा, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संवैधानिक अधिकारों का संरक्षण हो.

