हैवी मशीनरी के बीच छिपाकर रखी थी 7 बोरियां
रायपुर – राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने नाकेबंदी कर एक ट्रक से 191.525 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है. मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो आपस में रिश्ते में पिता-पुत्र हैं.
पुलिस को सूचना मिली थी कि मंदिरहसौद की ओर से रायपुर आ रही एक 06 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर तस्करी की जा रही है. प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल द्वारा सूचना का तत्काल सत्यापन कर आरोपियों की पतासाजी करते हुए गांजा सहित गिरफ्तार करने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए गए.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर थाना तेलीबांधा क्षेत्र अंतर्गत लाभाण्डी स्थित अग्रसेन धाम के आगे सर्विस रोड पर नाकेबंदी की गई. कुछ समय पश्चात मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये का 06 चक्का अशोक लीलैण्ड ईको मेन ट्रक क्रमांक डब्ल्यू.बी. 23 जी 1390 आता दिखाई दिया, जिसे टीम द्वारा घेराबंदी कर रोक लिया गया.
ट्रक में कुल दो व्यक्ति सवार थे, जिनसे पूछताछ करने पर व्यक्तियों ने अपना नाम मोहम्मद लाल एवं मोहम्मद रूस्तम निवासी जिला बैकरपुर पश्चिम बंगाल का होना बताने के साथ ही स्वयं को रिश्ते में पिता-पुत्र होना भी बताया गया.
संदेह के आधार पर टीम द्वारा ट्रक की गहन तलाशी ली गई. ट्रक के डाले में भारी मशीन लोड होने के कारण कुछ भी संदिग्ध प्रतीत नहीं हुआ, किन्तु पुलिस टीम द्वारा बारीकी से निरीक्षण करने पर भारी मशीन के नीचे एवं उसके बीच में छिपाकर रखी गई बोरियां मिलीं. बोरियों की जांच करने पर उनमें अलग-अलग पैकेटों में गांजा रखा होना पाया गया. पूछताछ करने पर दोनों गोलमोल जवाब देकर टीम को गुमराह करने का प्रयास करने लगे.
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 191.525 किलोग्राम गांजा, गांजा तस्करी में प्रयुक्त 06 चक्का अशोक लीलैण्ड ईको मेन ट्रक क्रमांक डब्ल्यू.बी. 23 जी 1390 तथा ट्रक में लोड हैवी मशीनरी जुमला कीमती लगभग 01 करोड़ 20 लाख रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 332/26 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया.
आरोपी मोहम्मद लाल एवं मोहम्मद रूस्तम रिश्ते में पिता-पुत्र हैं. दोनों मूलतः ग्राम हरिनगर थाना राजनगर, जिला मधुबनी (बिहार) के निवासी हैं तथा वर्तमान में जिला बैकरपुर पश्चिम बंगाल में निवासरत हैं. आरोपी मोहम्मद लाल पिछले लगभग 25 वर्षों से ट्रक परिवहन (ट्रांसपोर्ट) व्यवसाय से जुड़ा हुआ है तथा कोलकाता से विभिन्न प्रकार का कच्चा माल लेकर ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ के रास्ते मुंबई तथा मुंबई से कोलकाता तक परिवहन का कार्य करता है. पूछताछ में आरोपी द्वारा ओडिशा के सुहेला क्षेत्र से गांजा लेकर नागपुर तस्करी करना बताया गया है.
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम द्वारा विगत लगभग एक माह से उक्त आरोपियों एवं उनके मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के संबंध में लगातार गोपनीय रूप से सूचनाएं एकत्रित की जा रही थीं. टीम द्वारा आरोपियों की गतिविधियों, आवागमन के मार्ग, परिवहन के तरीके, संभावित तस्करी रूट तथा उनके संपर्क सूत्रों के संबंध में लगातार तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से जानकारी जुटाकर उनकी पतासाजी की जा रही थी. पर्याप्त एवं पुख्ता सूचना प्राप्त होने के पश्चात योजनाबद्ध तरीके से संयुक्त टीम गठित कर नाकेबंदी की गई, जिसके परिणामस्वरूप आरोपियों को भारी मात्रा में गांजा सहित रंगे हाथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई.
गिरफ्तार आरोपी –
मोहम्मद लाल पिता मोहम्मद इस्लाम उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम हरिनगर थाना राजनगर जिला माधवानी बिहार. हाल पता – चकोरिया पोस्ट नीलगंज थाना मोहनपुर जिला बैकरपुर पश्चिम बंगाल.
मोहम्मद रूस्तम पिता मोहम्मद लाल उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम हरिनगर थाना राजनगर जिला माधवानी बिहार. हाल पता – चकोरिया पोस्ट नीलगंज थाना मोहनपुर जिला बैकरपुर पश्चिम बंगाल.

