अस्पताल से लौट रहे कांग्रेस नेता की चाकू गोदकर हत्या, मोबाइल और कैश लूटकर फरार
दुर्ग- जिले में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत करहीडीह और चिखली चौक के बीच बाइक सवार चार बदमाशों ने कांग्रेस नेता व ग्राम तुमाकला के पंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू गोदकर हत्या कर दी.
मिली जानकारी के अनुसार, तुमाकला निवासी प्रकाश सिंह कश्यप (45) रविवार रात अपने परिचितों के साथ भिलाई से देर रात करीब दो बजे बाइक से गांव लौट रहे थे. रास्ते में करहीडीह और चिखली चौक के बीच चार बाइक सवार बदमाशों ने डंडा अड़ाकर उनकी बाइक रोक ली. बदमाशों ने उनसे मोबाइल फोन और नकदी छीनने का प्रयास किया. विरोध करने पर किए ताबड़तोड़ वार जब प्रकाश सिंह कश्यप ने लूटपाट का कड़ा विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर चाकू से कई वार कर दिए. हमला करने के बाद आरोपी उनका मोबाइल और करीब 4 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए. बाइक पर पीछे बैठे एक युवक ने किसी तरह जान बचाकर भागते हुए घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप को जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
मृतक प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के पंच होने के साथ-साथ कांग्रेस के धमधा मंडल कोषाध्यक्ष थे, जबकि उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप गांव की वर्तमान सरपंच हैं. घटना के विरोध में सोमवार को जिला अस्पताल के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया. दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने धमधा रोड पर नियमित पुलिस गश्त न होने का आरोप लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के लिए अलग-अलग टीमें सक्रिय हैं. जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

