स्कूल में शराब-चखना पार्टी भारी पड़ी, दो शिक्षक निलंबित
गरियाबंद- जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवझर अमली (विकासखंड मैनपुर, जिला गरियाबंद) के विद्यालय कार्यालय में बैठकर शराब का सेवन और चखना खाने वाले दो शिक्षकों पर गाज गिरी है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर (छ.ग.) द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
मामले के अनुसार, 01 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें शा.पू.मा.शाला देवझर अमली में पदस्थ शिक्षक एल.बी. मनोज कुमार भारद्वाज और शिक्षक एल.बी. कमल सिंह दीवान विद्यालय के कार्यालय में बैठकर शराब पीते और चखना खाते स्पष्ट दिखाई दे रहे थे. वीडियो वायरल होने के बाद संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों शिक्षकों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया. इससे पहले मामले में दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था. विभागीय स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए अब दोनों शिक्षकों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है.
निलंबन अवधि के दौरान दोनों शिक्षकों का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी मैनपुर (जिला गरियाबंद) नियत किया गया है तथा नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी.


