बीएसपी से 100 करोड़ रुपये की हर महीने संगठित चोरी में भाजपा नेता भास्कर मुदलियार समेत 17वीं गिरफ्तारी
सांठ-गांठ से सार्वजनिक उपक्रमों को खोखला कर बेचने की साजिश रच रही केंद्र सरकार – डॉ महंत
रायपुर- छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने देश के सबसे बड़े औद्योगिक तीर्थ भिलाई इस्पात संयंत्र में संगठित तरीके से हो रही लोहा चोरी मामले में भाजपा नेता भास्कर मुदलियार की गिरफ्तारी पर कड़ा हमला बोला है.
डॉ. महंत ने कहा कि वैशाली नगर के भाजपा विधायक रिकेश सेन ने बीएसपी से हर महीने लगभग 100 करोड़ रुपये की संगठित चोरी का आरोप लगाया था, जिसमें उन्होंने पुलिस और बीएसपी प्रबंधन की सांठ-गांठ की बात कही थी. भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद अब विधायक के आरोप पूरी तरह सही साबित हो रहे हैं. लोहा चोरी के इस बड़े मामले में यह 17वीं गिरफ्तारी है.
नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने कहा कि, भिलाई स्टील प्लांट के बड़े-बड़े अधिकारियों की भी इसमें गिरफ्तारियां हुई हैं. भाजपा नेता की गाड़ियां बीएसपी के भीतर से लोहा चोरी करती थीं. पुलिस ने पुख्ता सुबूत मिलने और पूछताछ के बाद ही यह गिरफ्तारी की है. इसके तुरंत बाद भाजपा द्वारा उस नेता को 6 साल के लिए पार्टी से निकालना यह दर्शाता है कि मामले में उनकी संलिप्तता पूरी तरह साबित हो चुकी है.
संरक्षण देने वाले बड़े चेहरों की हो जांच
डॉ. महंत ने आशंका जताई कि भारत सरकार के सार्वजनिक उपक्रम ‘सेल’ के इस संयंत्र से लंबे समय से संगठित चोरी का यह खेल सुरक्षाबलों, बीएसपी अधिकारियों, स्थानीय पुलिस और भाजपा पदाधिकारियों-कारोबारियों के गठजोड़ से चल रहाथा, अदना मंडल-पदाधिकारी अपने दम पर केंद्र सरकार के इतने बड़े संस्थान में इतनी बड़ी चोरी नहीं कर सकता. इसके पीछे केंद्र और राज्य के किन-किन बड़े नेताओं का संरक्षण हासिल है, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. एजेंसियां चाहें तो इस चोरी का भांडाफोड़ करने वाले भाजपा विधायक से भी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर सकती हैं.
केन्द्र सरकार और राज्य नेतृत्व पर निशाना
डॉ. महंत ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि, सार्वजनिक उपक्रमों को खोखला करने की साजिश केंद्र में 12 वर्षों से काबिज मोदी सरकार बीएसपी को अब तक बेच नहीं पाई है, इसलिए इसे अंदर से खोखला करके बेचने की भूमिका तैयार की जा रही है.
डॉ महंत ने कहा कि, जांच एजेंसियों का राजनीतिक दुरुपयोग, सीबीआई, ईडी और आईटी जैसी राष्ट्रीय जांच एजेंसियां स्वतंत्र न रहकर सरकार के इशारों पर काम कर रही हैं, ऐसे में इस मामले की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी को सौंपने से भी सही नतीजे की उम्मीद नहीं की जा सकती.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, मुख्यमंत्री की चुप्पी इस विषय पर सवाल उठना लाजमी है चार दिन पहले जब मीडिया ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से इस चोरी के संबंध में सवाल पूछा था, तो वे बिना जवाब दिए मुंह मोड़कर चले गए थे. अब सुबूत इतने पुख्ता हो चुके थे कि कार्रवाई करना पुलिस की मजबूरी बन गया.
डॉ. महंत ने तंज कसते हुए अंत में कहा कि भाजपा अपनी हर नाकामी के लिए राष्ट्रनिर्माता स्व. पंडित जवाहरलाल नेहरू को कोसती रहती है, जबकि उनके बनाए सार्वजनिक उपक्रमों को खोखला कर उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है.

