एशियाई खेल 2026: हरमनप्रीत सिंह संभालेंगे भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कमान, 20 सदस्यीय टीम घोषित
नई दिल्ली- हॉकी इंडिया ने बुधवार को आगामी 20वें एशियाई खेलों के लिए 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा की, जो 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले हैं. स्टार डिफेंडर और ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह टीम की कप्तानी करना जारी रखेंगे, जबकि भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ी, दिग्गज मिडफील्डर मनप्रीत सिंह, अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं से सजी टीम को महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करेंगे.
मोहित एचएस और सूरज करकेरा गोलकीपिंग यूनिट संभालते हैं, जबकि जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच रक्षात्मक पंक्ति बनाते हैं. टीम मध्यक्षेत्र की कमान संभालने के लिए राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलाकांता शर्मा और विवेक सागर प्रसाद पर निर्भर रहेगी. वहीं, दिलप्रीत सिंह, शिलाानंद लकरा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक को आक्रमण की कमान सौंपी गई है.
भारतीय टीम को पूल-ए में मेजबान जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है. सभी मुकाबले जापान के काकामिगहारा स्थित गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले जाएंगे. भारत एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत 20 सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ करेगा, इसके बाद वह 22 सितंबर को श्रीलंका, 24 सितंबर को कोरिया, 26 सितंबर को जापान से भिड़ेगा और 28 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ पूल चरण का समापन करेगा.
टीम चयन पर बोलते हुए मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, “एशियाई खेलों के लिए चयनित भारतीय टीम बहुत अनुभवी है. हम जापान में होने वाली चुनौती का सामना करने के लिए उत्सुक हैं, जहां विजेता टीम 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेगी और यही एक टीम और एक राष्ट्र के रूप में हमारा अंतिम लक्ष्य है.”
कप्तान हरमनप्रीत ने कहा कि उन्हें महाद्वीपीय स्तर के इस टूर्नामेंट में टीम के अच्छे प्रदर्शन पर पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा, “चाहे युवा खिलाड़ी हों या वरिष्ठ खिलाड़ी, मुझे सभी खिलाड़ियों पर पूरा विश्वास है कि वे मिले अवसरों का भरपूर लाभ उठाएंगे. हमारा मुख्य लक्ष्य है दबाव न लेना, खेल का आनंद लेना और अपनी जिम्मेदारियों को समझना.”
ये रही पूरी टीम:-
गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा
डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच
मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकंठ शर्मा, विवेक सागर प्रसाद
फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मंदीप सिंह, अभिषेक.


