झांसी/रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। हादसे के बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी कमर में चोट आई है, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक किरण देव मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम से दर्शन कर छत्तीसगढ़ लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी कार लगभग 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। तभी सामने से आ रही एक कार ने अचानक कट मार दिया. टक्कर से बचने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे जा टकराई.
हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा इंजन तक क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के दौरान किरण देव की कमर में चोट लगी, जिससे उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है.हालांकि डॉक्टरों की शुरुआती जांच में किसी फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है.
हादसे में कार में मौजूद पीएसओ, पीए और चालक को भी मामूली चोटें आई हैं. वहीं, किरण देव के काफिले में पीछे चल रही अन्य सभी गाड़ियां सुरक्षित रहीं.
फिलहाल झांसी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है.


