‘जन चेतना से जन सुरक्षा’ अभियान के तहत गरियाबंद के पर्यटन स्थलों पर पुलिस की सख्त निगरानी
गरियाबंद। पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों चींगरापगार, जतमई, घटारानी और भूतेश्वरनाथ का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, शराब या नशे का सेवन कर माहौल बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.

एसपी वेदव्रत सिरमौर ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की कि वे गरियाबंद के पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें.उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही पर्यटन स्थलों की सुंदरता और सुरक्षा दोनों को बनाए रखा जा सकता है.

गरियाबंद पुलिस ने अपने “जन चेतना से जन सुरक्षा” अभियान के तहत लोगों से नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.


