घर से खेलने निकला 9वीं के छात्र लापता, अगले दिन जंगल में मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी
अंबिकापुर – उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टिहरी जंगल में 9वीं कक्षा के छात्र की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बेखौफ अज्ञात आरोपियों ने छात्र के चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोग योग करने जंगल की तरफ पहुंचे, तब उन्होंने शव देखा और पुलिस को सूचना दी.
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सलका निवासी 15 वर्षीय वीरेंद्र कंवर सलका हाईस्कूल में 9वीं का छात्र था. वह गुरुवार शाम बजे घर से खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिजनों ने रातभर आसपास और रिश्तेदारों के यहाँ उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
शुक्रवार सुबह टिहरी जंगल में शव मिलने की सूचना पर उदयपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया, जहाँ छात्र के चेहरे को पत्थर से कुचला गया था और पैर में भी गंभीर चोट के निशान पाए गए. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और हत्या के कारणों की जांच में जुट गई है.


