रॉयल ट्रेवल्स की बस और ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत, 19 यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर

बलौदा बाजार. छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में शुक्रवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकरी के पास नेशनल हाईवे-130B पर रायपुर से बलौदा बाजार आ रही ‘रॉयल ट्रेवल्स’ की यात्री बस और सामने से आ रहे एक ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बलौदा बाजार पुलिस, डायल-112 और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. बस में सवार महिला, बच्चे और अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया. इस दुर्घटना में कुल 19 यात्री घायल हुए हैं. डॉक्टरों के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 4 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है. गंभीर रूप से घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है.
