दो सगे भाई गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापार जिले के ग्राम खिलोरा स्थित निर्माणाधीन हाई स्कूल में छड़ काटने की कीमती मशीन चोरी होने के मामले का थाना हथबंद पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने वाला स्कूल का चौकीदार ही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला. पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी का नाटक ध्वस्त हो गया और उसने अपने सगे भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया.
मिली जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन हाई स्कूल परिसर से छड़ काटने की कीमती मशीन चोरी हो गई थी. इस संबंध में स्कूल के चौकीदार जयनारायण घृतलहरे ने 8 जुलाई को थाना हथबंद में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में हथबंद पुलिस ने मामले की गहन जांच की. मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस को चौकीदार के बयानों और हरकतों पर संदेह हुआ. जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने सारा सच उगल दिया.
चौकीदार ने स्वीकार किया कि उसने अपने सगे भाई के साथ मिलकर चोरी का यह झूठा नाटक रचा था ताकि किसी को उस पर शक न हो. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से चोरी गई ₹15,000 मूल्य की छड़ काटने की मशीन (मशरूका) बरामद कर ली है.
गिरफ्तार आरोपी
- किशन कुमार घृतलहरे पिता डोमार घृतलहरे, उम्र 30 साल, निवासी ग्राम खिलोरा, थाना हथबंद
- जयनारायण घृतलहरे पिता डोमार सिंह, उम्र 46 साल, निवासी ग्राम खिलोरा, थाना हथबंद
