अवैध बीज बिक्री पर कृषि विभाग की कार्रवाई

बलरामपुर- जिले के किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज एवं कीटनाशक निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने तथा कृषि आदानों की कालाबाजारी और अवैध विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सघन निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में कृषि विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान लाइसेंस, स्टॉक, विक्रय अभिलेख, भंडारण व्यवस्था तथा निर्धारित मूल्य पर सामग्री उपलब्ध कराने संबंधी प्रावधानों की जांच की जा रही है।
इसी क्रम में विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत पशुपतिपुर में निरीक्षण के दौरान एक दुकान संचालक को बिना वैध अनुज्ञप्ति के कृषि बीज का विक्रय करते हुए पाया गया। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर कृषि विभाग की टीम ने मौके पर उपलब्ध समस्त बीज को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान सरस्वती कृषि सेवा केंद्र तथा जायसवाल कृषि विस्तार केंद्र में भी निर्धारित प्रावधानों के उल्लंघन एवं अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
कृषि विभाग द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद, बीज अथवा कीटनाशक की बिक्री, बिना वैध लाइसेंस के व्यापार अथवा अन्य अनियमितताओं में संलिप्त पाए जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद, बीज एवं कीटनाशक क्रय करें तथा खरीद के समय बिल अवश्य प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी कृषि विभाग अथवा जिला प्रशासन को तत्काल उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
