डीजल चोरी के आरोपियों को बिना बताए छोड़ने वाले एएसआई सस्पेंड, एसएसपी ने की कार्रवाई

बिलासपुर- कोनी थाना क्षेत्र में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) उमेश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा संदिग्ध आचरण और कदाचरण के आरोप में की गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, कोनी थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 368/2026 (धारा 302(2) BNS) के विवेचक एएसआई उमेश उपाध्याय थे. इस मामले के तहत एक ट्रेलर वाहन से डीजल चोरी करने के संदेह में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था.
आरोप है कि एएसआई उमेश उपाध्याय ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को बिना किसी पूर्व सूचना या जानकारी दिए, गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों में से 3 आरोपियों को चुपके से छोड़ दिया. एएसआई का यह कृत्य कर्तव्य के प्रति संदिग्ध आचरण और घोर लापरवाही (कदाचरण) को प्रदर्शित करता है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी बिलासपुर ने एएसआई उमेश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रक्षित केंद्र (लाइन), बिलासपुर संबद्ध किया गया है.
