गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़: 2 महिला सप्लायरों सहित 5 गिरफ्तार, 46 किलो गांजा जप्त

रायपुर- रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सूझबूझ से काम लेते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने ‘End-to-End’ (बैकवर्ड लिंकेज) कार्रवाई करते हुए ओडिशा से लेकर रायपुर तक फैली सप्लाई चेन को ध्वस्त कर दिया है. इस मामले में दो महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
यह पूरी कार्रवाई दिनांक 11 जुलाई 2026 को मिली एक ठोस सूचना के बाद शुरू हुई. एन्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (ए.एन.टी.एफ.) की टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत कमल विहार के आसपास कुछ व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर उसकी सप्लाई करने आने वाले हैं. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ए.एन.टी.एफ. एवं थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान कमल विहार रोड, शिव मंदिर के सामने स्थित नीलगिरी प्लांटेशन के पास योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की गई. कुछ समय बाद टीम ने वहां एक महिला सहित तीन संदिग्ध व्यक्तियों को दोपहिया वाहन के साथ खड़ा देखा. पुलिस टीम को देखकर तीनों घबराकर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया.
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कमलेश सोनवानी, राजा टंडन एवं नीतू टंडन निवासी पंडरी रायपुर होना बताया. उनके कब्जे में मौजूद सुजुकी एक्सेस क्रमांक सी जी 04 पी एम 6217 की तलाशी लेने पर उसमें रखी तीन बोरियों एवं एक थैले गांजा रखा होना पाया गया.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गांजा को ओडिशा के कालाहांडी जिले के दो व्यक्तियों से लेना बताया गया. इस महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल बैकवर्ड लिंकेज पर कार्यवाही प्रारंभ करते हुए गांजा के स्रोत एवं सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई तथा आरोपियों की लगातार पतासाजी की. पुलिस टीम ने दोनों संदिग्ध सप्लायरों को रायपुर रेलवे स्टेशन के पास चिन्हांकित कर घेराबंदी करते हुए पकड़ा. पूछताछ में उन्होंने अपने नाम बनमाली तांडी एवं अनु तांडी निवासी जिला कालाहांडी, ओडिशा होना बताया. दोनों आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में कमलेश सोनवानी, राजा टंडन एवं नीतू टंडन को उपलब्ध कराते थे, जहां से आगे उसकी अवैध बिक्री एवं सप्लाई की जाती थी.
आरोपी कमलेश सोनवानी, राजा टंडन, नीतु टंडन, बनमाली तांडी एवं अनु तांडी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 46.100 किलोग्राम गांजा तथा घटना से संबंधित 02 नग मोबाईल फोन एवं सुजुकी एक्सेस क्रमांक सी जी 04 पी एम 6217 जुमला कीमती लगभग 24,00,000/- (चौबीस लाख रूपये) जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 619/26 धारा 20 (B) ii (C) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया. इस प्रकार गांजा तस्करी की एक सप्लाई चेन को ध्वस्त करते हुए प्रकरण में End To End कार्यवाही की गई.
आरोपी कमलेश सोनवानी के विरुद्ध रायपुर एवं महासमुंद जिले के अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट के लगभग 04 प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं. वहीं आरोपी राजा टंडन के विरुद्ध ओडिशा के टिटलागढ़ क्षेत्र में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध है, जिसमें वह पूर्व में जेल निरुद्ध रह चुका है.
गिरफ्तार आरोपी –
- कमलेश सोनवानी पिता रामलाल सोनवानी उम्र 36 साल निवासी आदर्श नगर मोवा थाना पंडरी रायपुर.
- राजा टंडन पिता सुन्दरलाल टंडन उम्र 36 साल निवासी झण्डा चौक पंडरी थाना पंडरी रायपुर.
- नीतु टंडन पति राजा टंडन उम्र 34 साल निवासी झण्डा चौक पंडरी थाना पंडरी रायपुर.
- बनमाली तांडी पिता कमसन तांडी उम्र 23 साल निवासी मोहनगिरि सिनपुर थाना एम रामपुर जिला कालाहांडी उड़ीसा.
- अनु तांडी पति कांशी राम तांडी उम्र 27 साल निवासी मोहनगिरि सिनपुर थाना एम रामपुर जिला कालाहांडी उड़ीसा.
