मोहारा स्कूल में शाला विकास एवं प्रबंधन समिति का गठन, दयालू वर्मा बने अध्यक्ष

डोंगरगढ़- शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मोहारा, विकासखंड डोंगरगढ़ में शाला विकास एवं प्रबंधन समिति (एसडीएमसी) का गठन पालकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ. समिति के अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में थे, जिससे चुनाव काफी रोचक और प्रतिस्पर्धी रहा.
मतों की स्थिति बेहद करीबी होने के कारण अध्यक्ष का चयन पर्ची पद्धति से कराया गया. कड़े मुकाबले के बाद दयालू वर्मा एक मत के अंतर से विजयी घोषित किए गए और उन्हें समिति का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया.
शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष कुबेर भारती बने समिति में शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में सुवर्णा बख्शी, संतोष वर्मा को चयनित किया गया. बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छ एवं सुरक्षित विद्यालय वातावरण तथा पालकों की सक्रिय भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
इस अवसर पर ग्राम सरपंच करुणा ठाकुर, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे. सभी ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया.
बैठक के अंत में नवनिर्वाचित समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए विद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया गया.
