कलेक्टर ने ली निर्माण एजेंसियों की बैठक, कार्य में रुचि नहीं लेने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के दिए निर्देश

बलरामपुर- कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों में कराए जा रहे निर्माणाधीन कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समयावधी में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने एसडीओ एवं इंजीनियरों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने तथा सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने कहा कि निर्माण एजेंसियां निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करें. उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी.
बैठक में कलेक्टर ने आरईएस विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न मदों में स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक भवन, प्राथमिक शाला, अतिरिक्त कक्ष, शौचालय मरम्मत सहित अपूर्ण निर्माण कार्यों की समीक्षा की. कलेक्टर ने 2023-24 के लंबित कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एसडीओ के वेतन रोकने के निर्देश दिए.
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने अपूर्ण कार्यों को गुणवता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने को कहा. उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि जो ठेकेदार स्वीकृति पश्चात् कार्य में रूची नहीं ले रहें हैं ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई करें. साथ ही कार्य में विलंब की स्थिति में फाइन अध्यारोपित करने की बात कही. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आगामी 15 दिवस के भीतर लंबित निर्माण कार्य पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन भुगतान भी रोका जाएगा.
कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग की समीक्षा करते हुए वर्षा ऋतु के दौरान सड़कों का नियमित मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने तथा मार्गों को गड्ढामुक्त रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में आवागमन किसी भी स्थिति में बाधित नहीं हो सुनिश्चित करे ताकि आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध हो सके.
कलेक्टर ने पीएम जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्तायुक्त पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने जल संसाधन अंतर्गत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न सिंचाई एवं जल संसाधन की प्रगति की जानकारी ली एवं सतत निगरानी करने के निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्माण स्थलों पर योजना संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने वाले सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के भी निर्देश दिए.
