आदिवासी विकास परिषद के पदाधिकारियों ने अग्निवीर पार्थ का किया सम्मान

रिसाली/दुर्ग- देश सेवा की भावना से ओत-प्रोत डुंडेरा (रिसाली) के युवा पार्थ कुमार साहू का चयन भारतीय सेना की ‘अग्निवीर’ में हुआ है. पार्थ के इस गौरवपूर्ण चयन से उनके परिवार सहित पूरे रिसाली और दुर्ग क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है.
बचपन का सपना हुआ पूरा
पिता शीतल कुमार साहू और दादा शंकर लाल गजपाल के मार्गदर्शन में पले-बढ़े पार्थ वर्तमान में साइंस कॉलेज दुर्ग में बी.कॉम प्रथम वर्ष के छात्र हैं. अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए पार्थ ने बताया कि देश की सेवा करना उनका बचपन का सपना था, जिसे उन्होंने कठिन मेहनत, दृढ़ संकल्प और कड़े अनुशासन के बल पर हासिल किया है.

कठिनाइयों को हराकर बच्चों को दी उच्च शिक्षा
पार्थ की इस सफलता पर छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद (शाखा-दुर्ग) के जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह ठाकुर ने विशेष रूप से बधाई दी. उन्होंने बताया कि पार्थ के पिता शीतल साहू रिसाली निगम में ठेकेदारी का काम करते हैं और बेहद संघर्षों के बीच अपने बच्चों को बेहतरीन शिक्षा दिला रहे हैं. उनका बड़ा बेटा एनआईटी (NIT) रायपुर से इंजीनियरिंग कर रहा है, जबकि बेटी कक्षा बारहवीं में पढ़ रही है. अब दूसरे बेटे का सेना में चयन पूरे परिवार के लिए एक बड़ी उपलब्धि है.
आदिवासी विकास परिषद ने पार्थ का किया सम्मान
परिषद के पदाधिकारियों ने पार्थ कुमार साहू और उनकी माता गौरी साहू का तिलक लगाकर तथा राजकीय गमछा पहनाकर सम्मान किया. इस दौरान जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह ठाकुर,महिला अध्यक्ष दिनेश्वरी भुआर्य, अश्लेष मरावी, उमा सिंह और पल्लवी ठाकुर उपस्थित रहे.
