एसी ब्लास्ट से घर में लगी भीषण आग, पिता की मौत, बेटा गंभीर रूप से झुलसा

रायगढ़- जिले के आईटीआई कॉलोनी क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में विंडो एसी में ब्लास्ट होने के बाद घर में भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से घर में सो रहे पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 3 बजे की है. आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद पुरुषोत्तम पटेल और उनके बेटे राजवीर पटेल को संभलने का मौका नहीं मिला. स्थानीय लोगों ने घर से धुआं और आग की लपटें निकलती देख तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई. घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर का दरवाजा बंद होने के कारण मोहल्लेवासियों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पिता-पुत्र को बाहर निकाला. हालांकि तब तक पुरुषोत्तम पटेल गंभीर रूप से झुलस चुके थे. उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं उनके पुत्र राजवीर पटेल गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिनका इलाज जारी है.
घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस और पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण राहत एवं बचाव कार्य में देरी हुई. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह विंडो एसी में ब्लास्ट को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
