केंद्रीय गोंड महासभा ने वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर किया नमन

दुर्ग- वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर आज दुर्ग के सिविल लाइन स्थित गोंडवाना भवन में एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. केंद्रीय गोंड महासभा, धमधागढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाजजनों ने रानी दुर्गावती के तैलचित्र पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने रानी दुर्गावती के ऐतिहासिक त्याग, अदम्य साहस और मातृभूमि के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया. इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती का जीवन और उनका बलिदान सदैव समाज को स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा. सभी ने उनके बताए मार्ग और उच्च आदर्शों पर चलने का सामूहिक संकल्प भी लिया.
समाज के प्रमुख पदाधिकारी और मातृशक्ति रही उपस्थित
इस गौरवपूर्ण अवसर पर केंद्रीय गोंड महासभा के कोषाध्यक्ष धनेश्वर ठाकुर, महासचिव गोरेलाल ठाकुर, रिसाली के पार्षद चंद्रभानसिंह ठाकुर, तहसील अध्यक्ष बहादुर नेताम, चूरामन नेताम, मनहरण छेदैया, तुलसीराम, गजराज नेताम, खेम छेदैया, डी.एन. नागवंशी, दऊवा राम ठाकुर और महावीर गोंड उपस्थित रहे.

कार्यक्रम में समाज की मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. महिला विभाग से उषा ठाकुर, उषा मंडावी, शिव कुमारी, सुकृति ठाकुर, रामेश्वरी ठाकुर, प्रभा ठाकुर, चंद्रकला तारम, ममता ठाकुर सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं और पदाधिकारी उपस्थित थे. कार्यक्रम का समापन “जय सेवा, जय जोहार” के जयघोष के साथ हुआ.
