सिविल लाइन स्थित बुढ़ादेव गोंडवाना भवन में उत्साह के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
दुर्ग- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सिविल लाइन दुर्ग स्थित श्री बुढ़ादेव गोंडवाना भवन कंचना धुरवा देवालय परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया. इस दौरान समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर सामूहिक योग अभ्यास किया और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया.
इस गरिमामयी कार्यक्रम की मुख्य आयोजक अनामिका उइके रहीं, जिनके नेतृत्व में योग सत्र का सफल संचालन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के अध्यक्ष कमलेश शोरी विशेष रूप से उपस्थित हुए. उन्होंने अपने संबोधन में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह मानसिक शांति और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देता है.

कंचना धुरवा देवालय परिसर में आयोजित इस शिविर में समाज के प्रबुद्ध जनों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में चंद्रभान ठाकुर, शैलेंद्री मडावी, शिव कुमारी ठाकुर, महेंद्र सिंह उइके, राजेश्वरी उइके, विक्की मांडवी और नौविल ठाकुर सहित समाज के अन्य गणमान्य नागरिकों और युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही.
