निजी गोदाम से सहकारी समिति की खाद जब्त
रायपुर- खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत खरसिया तहसील के ग्राम हालाहुली में राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति का औचक निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान पीओएस मशीन के रिकॉर्ड और गोदाम में उपलब्ध खाद के भौतिक स्टॉक का मिलान किया गया, जो सही पाया गया. हालांकि जांच में यह गंभीर अनियमितता उजागर हुई कि समिति के खाद का भंडारण निजी गोदाम में अवैध रूप से किया गया था. संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निजी गोदाम से संपूर्ण खाद जब्त कर लिया. जब्त उर्वरक को आगामी आदेश तक समिति प्रबंधक की सुपुर्दगी में रखा गया है. मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय को भेज दी गई है.
कलेक्टर के निर्देश पर जिले में उर्वरक निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं. एसडीएम और तहसीलदारों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तीन दिनों तक विशेष अभियान चलाकर सभी भंडारण केंद्रों और निजी प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी तथा अवैध भंडारण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
