फिल्मी स्टाइल में गांजा तस्करी नाकाम: आगे-पीछे चल रहे थे पायलट, बीच में दो बाइकों पर था माल, नाबालिग समेत 5 तस्कर गिरफ्तार
बालोद – जिले की डौण्डीलोहारा पुलिस और सायबर सेल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम भेड़ी तिराहा के पास नाकाबंदी कर 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिक भी शामिल है. आरोपियों के कब्जे से कुल 72.621 किलोग्राम गांजा (कीमत 36,31,050) और तस्करी में इस्तेमाल 4 मोटरसाइकिलें तथा 4 मोबाइल जब्त किए गए हैं. कुल जप्त मशरूका की कीमत 40,52,050 आंकी गई है. यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं उप पुलिस अधीक्षक बोनी फॉस एक्का के कड़े निर्देशन में थाना प्रभारी सुनील तिर्की व सायबर सेल बालोद की टीम द्वारा अंजाम दी गई.
ऐसे हुआ भंडाफोड़
जानकारी के अनुसार, 9 जून 2026 को पुलिस को मोबाइल के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि ओडिशा से 4 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 6 लोग भारी मात्रा में गांजा लेकर मध्य प्रदेश (रायसेन-भोपाल) की ओर जा रहे हैं. तस्करों ने सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए एक खास जाल बुना था. इसमें 2 लोग सवार थे जो रास्ता साफ होने की रेकी कर रहे थे (वाहन संख्या: MP 38 ZA 6414). बीच की दो बाइकें इन दोनों बाइकों पर एक-एक सवार थे. इन्होंने पीछे लोहे का मजबूत कैरियर बनाकर उस पर काले रंग के बड़े-बड़े प्लास्टिक टब बांध रखे थे, जिनमें गांजा छिपा था. इसमें भी 2 लोग सवार थे जो पीछे से आ रहे खतरे या पुलिस पर नजर रखे हुए थे.
नाकाबंदी देख चलती गाड़ी से कूदा आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस और सायबर सेल की टीम गवाहों के साथ तत्काल ग्राम भेड़ी तिराहा (बालोद मार्ग) पहुंची और छिपकर ‘एंबुश’ (नाकाबंदी) लगा दिया. कुछ ही समय में मुखबिर के बताए अनुसार पहली ‘पायलट’ बाइक आते दिखाई दी. जैसे ही पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, पीछे बैठा एक आरोपी चलती मोटरसाइकिल से कूदकर जंगलों की तरफ भाग निकला, जबकि पुलिस ने चालक को घेराबंदी कर दबोच लिया. इसके बाद पुलिस ने जाल बनाए रखा और पीछे से आ रही बाकी की तीनों मोटरसाइकिलों को भी एक-एक कर रोक लिया.
प्लास्टिक टब की सतह काटकर बनाया था खुफिया बॉक्स
पकड़े गए आरोपियों ने पहले तो टालमटोल की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने खुद को रायसेन और भोपाल (मप्र.) क्षेत्र का होना बताया. जब संदेही पवन कुमार गोंड और श्याम गोंड की बाइकों पर बंधे 28-28 प्लास्टिक टबों की जांच की गई, तो तस्करी का अनोखा तरीका सामने आया. तस्करों ने ऊपर के दो टबों को छोड़कर, नीचे के सभी टबों के पेंदे (सतह) को काटकर खोखला कर दिया था और उसमें खुफिया जगह बना ली थी. जब रस्सियों को खोलकर जांच की गई तो पवन गोंड की बाइक से 22 पैकेट और श्याम गोंड की बाइक से 28 पैकेट (कुल 50 भूरे रंग के पैकेट) बरामद हुए.
आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपी श्याम गोंड, पवन गोंड, प्रदीप चौहान, संजय कुमावत और धारा सिंह उर्फ तारा सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 97/2026 धारा 20(ख) एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. चार बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है. फरार आरोपी की तलाश जारी है.
इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील तिर्की, सउनि अनित राम यादव, प्र.आर. विरेन्द्र साहू, प्र.आर. दिगम्बर वर्मा, आरक्षक- विनोद अजय, पुनम खरे, कुमलाल वर्मा, रविषंकर देशलहरे, सायबर सेल टीम बालोद – सउनि धरम भुआर्य, विपिन गुप्ता, पुरन देवांगन, भोपसिंह, आकाश दुबे, संदीप यादव, गुलजारी साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
